Wednesday 22 February 2017

कठिन परिश्रम से मिलती है सफलता: डाॅ. अजय प्रताप


 प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुरस्कृत हुए प्रतिभागी
इंजीनियरिंग संस्थान के विद्यार्थियों के लिए हुआ आयोजन

पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग के विश्वसरैया सभागार में बुधवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह पूर्व में आयोजित हुए राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे एवं ‘क्लच दी गेमिंग वार’ एवं लैन गेमिंग इवेंट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत करने के लिए किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अनुप्रयुक्त सामाजिक विज्ञान संकाय के अध्यक्ष डाॅ. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रयास, जुनून, कठिन परिश्रम एवं अपने में नित्य सुधार लाकर जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। किसी भी क्षेत्र में सफलता के पीछे बहुत सारे कारक होते हैं। हमें अपने जीवन में सफलता के लिए सदैव सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते रहना चाहिए। 
इंजीनियरिंग संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. बीबी तिवारी ने पुरस्कार प्राप्त प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि अध्ययन के दौरान प्रतियोगिताओं में भाग लेने से अलग तरह से व्यक्तित्व का विकास होता है। इसमें जहां अपने कार्य में सुधार आता है, वहीं दूसरों से भी हम बहुत कुछ सीख लेते हैं। 
राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे पर रंगोली, पोस्टर, विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था जिसमें रंगोली प्रतियोगिता में राष्ट्रीय चिन्ह बनाकर आंचल प्रथम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ रंगोली में रूपम द्वितीय तथा इको फ्रेंडली वातावरण पर प्रियंका को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। पोस्टर प्रतियोगिता में सैफुद्दीन टीम को प्रथम, अनुराग टीम को द्वितीय एवं प्रियंका टीम को तृतीय पुरस्कार मिला। विज्ञान प्रदर्शनी में अनुपम मौर्य टीम को प्रथम, रूपशंकर टीम को द्वितीय तथा शुभम टीम को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।
वहीं लैन गेमिंग इवेंट प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग में आदित्य पुष्कर टीम को प्रथम, रजत प्रजापति टीम को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। महिला वर्ग में नेहा मिश्रा टीम को प्रथम, अनामिका सिंह टीम को द्वितीय व अनुष्का पाण्डेय टीम को तृतीय पुरस्कार मिला। इसके साथ ही कई प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया। प्रतियोगिता में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को संकायाध्यक्ष प्रो. बीबी तिवारी, डाॅ. अजय प्रताप सिंह एवं डाॅ. राजकुमार सोनी द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर डाॅ. दिग्विजय सिंह राठौर, डाॅ. सिद्धार्थ सिंह, शैलेश प्रजापति, मनीषा, प्रशांत समेत इंजीनियरिंग संस्थान के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment